Bookmark Us!
Showing posts with label rajniti. Show all posts
Showing posts with label rajniti. Show all posts


सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक ज्ञाता, अध्येता, चिन्तक, दार्शनिक........ दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के राष्ट्रपति......

५ सितम्बर को शिक्षक दिवस है. राधाकृष्णन के जन्म-दिन को शिक्षक दिवस के रूप में देश मनाता आ रहा है.
हम आखिर क्यों राधाकृष्णन के जन्म-दिवस को शिक्षक-दिवस के रूप में मनाएं? राधाकृष्णन एक शिक्षक थे.. शिक्षक से राष्ट्रपति बन गए. यह राष्ट्रपति-दिवस हो सकता है, शिक्षक-दिवस कैसे हो सकता है? अगर कोई राष्ट्रपति, राष्ट्रपति का पद त्याग कर शिक्षक बनने आ जाये, तो शिक्षक का सम्मान बढेगा, शिक्षण कार्य सम्मानित होगा. राधाकृष्णन राष्ट्रपति का पद ठुकराकर शिक्षक ही बने रहने की बात करते तो, शिक्षकों के लिए गौरव की बात थी, परन्तु राधाकृष्णन ने ऐसा नहीं किया. उनके लिए 'राष्ट्रपति' शब्द, 'शिक्षक' शब्द से ज्यादा मूल्यवान था. राधाकृष्णन का शिक्षण कार्य से पलायन, शिक्षक-जगत के लिए अपमान जैसा ही है.

गाँधी, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बन सकते थे, पर जिन कार्यों के लिय वे प्रतिबद्ध थे, वही कार्य उन्होनें किया. गाँधी मानवता की सेवा के लिए थे, और वे उसी के लिए समर्पित रहे. पता है न! नेहरु जब १५ अगस्त १९४७ को लाल किला से स्वतंत्रता का सन्देश दे रहे थे, तो गांधी नोआखली में बिलखती मानवता के आंसू पोंछ रहे थे. ऐसी प्रतिबद्धता!!!!

गेरीवाल्डी भी कम बड़े मसीहा नहीं थे. राष्ट्रपति बनने का जब मौका आया, तो वे राष्ट्रपति पद को ठुकराकर अपने किसान जीवन और अपने खेत की ओर लौट गए. उस देश के किसानों के लिए कितने गौरव की बात रही होगी... कृषि-कर्म को कितना सम्मान मिला होगा, हम भी गर्व करते हैं..

जे. पी. भी भारत के प्रधानमंत्री बन सकते थे. कहाँ विरोध था उनका? प्रधानमंत्री बनना उनकी प्राथमिकता में नहीं था, तो नहीं बने. .

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कर्पूरी ठाकुर मुख्यमंत्री रहते हुए भी अपना पुश्तैनी काम, बाल-दाढ़ी बनाने का, करते रहे.

राधाकृष्णन की असीम विद्वता पर कोई सवाल नहीं है. सवाल है शिक्षक-दिवस का...
हम उलटी दिशा में चल रहे हैं. हमारी खोपडी ही उलटी दिशा में घूमी हुई है. लगातार हम शिक्षक-दिवस मनाते आ रहे हैं, पर शिक्षक के सम्मान और मर्यादा में एक प्रतिशत भी बढोत्तरी नहीं हुई है.

इस शिक्षक दिवस को मनाने वाले शिक्षक ही आज नेता, सांसद, विधायक बनने के लिए बेचैन हैं. अच्छा ऑफर मिल गया तो वे बैंक कर्मचारी, अधिकारी और कंपनियों की ओर भी चले जाते हैं.

जब राधाकृष्णन शिक्षण कार्य से पलायन कर सकते हैं, तो फिर इनके अनुयायी क्यों न भागें?

यह गुरुओं का देश रहा है. स्वयं यह देश भी 'विश्वगुरु' कहलाया. अमेरिका की तरह 'विश्व-सेठ' कहलाने की चाहत नहीं थी देश को.

भारतीय परंपरा में पूरी राजसत्ता गुरु के चरणों में थी. गुरुओं की अवहेलना करना अनर्थ था. समर्थ गुरु रामदास के चरणों में शिवाजी ने अपनी सल्तनत रख दी थी. कृपाचार्य, द्रोणाचार्य, गुरु वशिष्ठ के गुरु-शिष्य परंपरा को हमने आगे बढाया. चन्द्रगुप्त-चाणक्य, रामकृष्ण-नरेन्द्र........आदि कहानियां भरी पड़ी हैं.......

जिस गुरु के चरणों में राजा झुकते थे, उस गुरूजी के लिए ऑफिस का किरानी भी नहीं झुकता. आचार्य, उपाचार्य, उपाध्याय, प्राचार्य आदि शब्द अब अर्थहीन हो गए हैं. वेतनभोगी, भत्ताभोगी, पैरवीबाज गुरु, अब गुरु नहीं रहे, गुरुघंटाल हो गए हैं. अब तो गुरु, 'शिष्याबाज' भी हो गए हैं. मटुकनाथ ने जूली को शिष्या से संगिनी बना डाला. रोज कोई न कोई गुरु जी शिष्या को लेकर फरार हो रहे हैं.

इन शब्दों को पढिये- लव-गुरु, शेयर-गुरु, मैनेजमेंट-गुरु...... अब तो मुंबई के भाई-लोग भी गुरु 'शब्द' को कब्जाने में लगे हैं.

आज गुरु को प्रणाम भी कौन करता है? बचपन के गुरुओं को पैर छूकर आज भी प्रणाम करते हैं. पर कॉलेज में आज शिक्षकों को हाय मेम, हाय सर ... से ज्यादा कुछ नहीं मिलता. आज के लड़के-लड़कियां गुरुओं के सामने झुकें भी तो कैसे? उनके टाइट कपडे दिक्कत करते हैं.....!!!

खैर, शिक्षक दिवस पर हम विचार करें. वक़्त का पहिया तो हम घुमा नहीं सकते. गुरुकुल परम्परा में लौट नहीं सकते. लेकिन अगर न्यूनतम मर्यादा की बहाली भी हो जाए, तो शिक्षण कार्य सम्मानित होने लग जायेगा. बच्चे पढाई से ज्यादा शिक्षकों के निजी जीवन, व्यवहार और चरित्र से सीखते हैं. `

आज भी आदर्श शिक्षक बचे हैं, जो हमारा रोल-मोडल बन सकते हैं. बची-खुची प्रतिष्ठा भी इन शिक्षकों पर ही है. शिक्षण-कार्य श्रेष्ठ है. इसके सामने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री पद भी छोटा है- विचार कीजिये...

-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

संघ का राजनीतिक ब्रह्मचर्य...??

Posted by AMIT TIWARI 'Sangharsh' On 8/29/2009 04:36:00 pm 4 comments


भारत ब्रह्मचारियों का देश रहा है. ब्रह्मचर्य की एक से एक कथा यहाँ प्रचलित है. स्त्री-सम्बन्ध, भारतीय ब्रह्मचर्य के समक्ष बड़ी चुनौती के रूप में आती रही है.

ब्रह्मचर्य की आड़ में स्त्री-समागम और संततियों की अनेकों कथाएँ भी मौजूद हैं. अकेले मेनका, विश्वामित्र की वर्षों की साधना को ध्वस्त करने में सक्षम थी. कामिनी से हम लगातार भयभीत होते रहे हैं. कामिनी से बचने और अपने ब्रह्मचर्य को बचाने का उपाय खोजना जरूरी था. हनुमान सबसे बेहतर उदहारण थे. हनुमान हमारे सुरक्षा-कवच बने. अपने-अपने मकसद के अनुसार हमने भगवानों का लिस्ट छांटा. पर, ब्रह्मचारियों के रोल-मॉडल तो हनुमान ही बने.

आप जानते होंगे कि इस ब्रह्मचारी हनुमान को एक बेटा भी था, जिसको बहुत कम भक्त जानते हैं, वह है मकरध्वज....
मकरध्वज को हनुमान जैसा ब्रह्मचारी बाप मिला. हनुमान ने भी कभी इसे छिपाने का प्रयास नहीं किया. ना ही कभी संबंधों को लेकर कबड्डी खेली. मकरध्वज जायज औलाद है कि नाजायज, कभी भी इसके लिए हनुमान को स्पष्टीकरण नहीं देना पड़ा. लोगों ने कभी इसे डिबेट नहीं बनाया.

आज बजरंगबली तो चर्चा में नहीं हैं, पर, हमारे बजरंगी भाई चर्चा में अवश्य हैं.
संघ प्रमुख मोहन जी भगवत, भाजपा से रिश्ते को लेकर परेशान हैं. परेशानी समझ में नहीं आती, कि भाजपा इतनी भी बदसूरत पार्टी नहीं है, जिसे रिश्तेदार कहने में शर्म आवे. हाँ, झारखंडी पार्टी होती तो भागवत भाइयों को बैठने में ख़राब भी लगता, पर यहाँ तो सभी खाए-पिए-अघाए लोग हैं. लाल टुह-टुह गाल और धवल वस्त्र, फिर भी...
...देशभक्त भाजपा बोलती भी है जबरदस्त...?

स्थापना से लेकर आज तक सभी संगठन मंत्री तो संघ से भेजे गए. तपोनिष्ठ दीनदयाल उपाध्याय, वाजपेयी, मोदी, आडवाणी सभी के सभी तो संघ के प्रचारक ही रहे हैं. भाजपा आज वह अंगुलिमाल डाकू बन गयी है, जिसके पाप का भागी बनने के लिए कोई तैयार नहीं है. सत्ता और संसाधन-सुख जुटाए भाजपा और भोगे संघी और वक़्त आये तो इज्जत ख़राब कर दो.......ई भाई कहाँ का इंसाफ है?

पार्टी जिस घोडे पर सवार है, उसका लगाम उसके हाथ में कभी होता ही नहीं. आज जो नेता भाजपा विरोध में हैं, उन्हें पहले ही पता था, कि लगाम उनके हाथ में नहीं होगा, फिर लगाम लपकने की हसरत क्यों? हसरत दिखाओगे तो भोगोगे..

देश बेवकूफ नहीं रह गया है. देश अब राजनीति की परिभाषा जानता है. संघ संपूर्णतः एक राजनीतिक संगठन है. सोनिया गाँधी प्रधानमंत्री नहीं हैं, तो क्या प्रधानमंत्री से कम रसूख है उनका?

घी दाल में कहीं भी गिरे, परिणाम में क्या अंतर आएगा? संघ की बहिन जी हैं, राष्ट्र सेविका समिति, भांजी हैं दुर्गावाहिनी, लाडला है विद्यार्थी परिषद्, कुल-पुरोहित है विहिप. कोई सदस्य किसानी में है, तो कोई मजदूरी में. जरूरत के हिसाब से एक परिवार को जितनी सुविधा चाहिए, उतनी सुविधा के लिए अलग-अलग प्रकल्प संघ ने खडा किया.

एक दम खांटी स्वदेशी......... बाहर से आउटसोर्सिंग की जरूरत ही नहीं. सारी वेरायटी घर में ही. यहाँ तक कि 'नकली विरोधी' भी इन्होने खडा कर लिया है. दूसरा कोई गाली-गलौज करे, परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगे, इससे बेहतर हैं कि अपने लोग ही गाली दें. गोविन्दाचार्य जैसा छुट्टा सांड, संघ का ही छोडा हुआ है. खूब गालियाँ रटवाई गयी इन्हें.......

हाँ, गाँव में एक नया शब्द विकसित हुआ है, वह है 'बुलौकिया'. गिरमिटिया नहीं बुलौकिया..... यह बुलौकिया 'Block' यानि प्रखंड से बना है. बड़े परिवार में एक सदस्य नेतागिरी में अवश्य ही रहता है. परिवार का यह सदस्य राजनीतिक सुविधा से फंड, राशन, खाद-बीज, सब्सिडी आदि जमा करता है. इसकी दलाली से परिवार को बहुत फायदा होता है. राजनीतिक सम्बन्ध के बिना आज परिवार जिन्दा ही नहीं रह सकता. हर कोई दबोचने का प्रयास करता है.

खैर, मैं संघ परिवार की बात कर रहा था. इस परिवार ने भी भाजपा के रूप में अपना बुलौकिया बनाया.
भाई ई त अच्छी बात बा.... इनमे कौन बुराई बा..? भाजपा तोहार औलाद बा.... काहे गरियावत बानी भागवत जी ? रउरा गुड खाई तो गुलगुला से परहेज काहे...............

संघ की स्वदेशी पढ़ते-पढ़ते मैं भी कभी-कभी देसज हो जाता हूँ. राजनीति पवित्र है, मौलिक है. देश, समाज और जन-गण-मन इस राजनीति से प्रभावित होता है. जिस देश को भागवत जी खडा करना चाहते हैं, वह राजनीति के बिना कैसे संभव है? राजनीति तो गाँधी, पटेल, सुभाष ने भी किया था. क्या ये लोग गलत थे? चुनावी राजनीति हो या सांस्कृतिक राजनीति चरित्र सबका एक ही होता है. इस स्थिति में राजनीतिक ब्रह्मचर्य एक पाखण्ड ही होगा.

-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs


You Would Also Like To Read:


लीजिये, जनकल्याणार्थ प्रधानमंत्री महोदय का एक और बयान आ गया है. लगता है कि देश में उच्च स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार से परेशान हैं प्रधानमंत्री!

होना भी चाहिए, क्योंकि दूसरी बार सत्ता जो मिली है. जन भरोसा का सर्टिफिकेट मिला है; सो जन यानि आम जन की याद उन्हें फिर सता रही है. उन्होंने पिछले दिनों आह्वान किया था कि सीबीआई आमजनता की इस धारणा को समाप्त करे कि बड़ी मछलियाँ सजा से बच जाती हैं. इससे भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है , सुरसा के मुख की तरह. लिहाजा न केवल दुनिया में भारतीयों की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि इसके कारण गरीबों को सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. मनमोहन सिंह ने साफतौर पर यह कहा है, कि लोग यह मानते हैं कि हमारे देश में सिर्फ कमजोर लोगों के खिलाफ ही तुंरत कार्रवाई होती है, उच्च पदों पर बैठे और सबल लोग बच जाते हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस धारणा और हालात को बदलने के लिए सम्बंधित एजेसियों को उच्च स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार से आक्रामकता के साथ निपटना चाहिए. प्रधानमंत्री के मुताबिक, दुनिया हमारे लोकतंत्र का सम्मान करती है, पर यहाँ व्याप्त भ्रष्टाचार हमारी छवि को धूमिल करता है. इससे निवेशक हतोत्साहित होते हैं, क्योंकि वे सौदों में पारदर्शिता चाहते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि देश का विकास हो रहा है और हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में शामिल हो रहे हैं, पर भ्रष्टाचार के कारण सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी संसाधन हासिल नहीं हो पा रहे हैं. उन्होंने फिर दुहराया कि भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा और ज्यादा खामियाजा गरीबों को ही भुगतना पड़ता है, क्योंकि उनके लिए शुरू की गयी योजनायें भ्रष्टाचार में ही ख़त्म हो जाती हैं, और वे उनके लाभ से वंचित रह जाते हैं.

प्रधानमंत्री को यह याद दिलाना जरूरी है, कि दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गाँधी भी अपने समय में ऐसी चिंता व्यक्त कर चुके हैं. उन्होंने तो आंकडे भी दिए थे. वर्तमान पार्टी महासचिव राहुल गाँधी भी इस बात को कई बार कह चुके हैं.
समस्या बीस पैसा, दस पैसा पहुँचने का नहीं, बल्कि जो मातहत ठेकेदार या सरकारी, गैर सरकारी एजेंसियां क्रमबद्ध रूप से ८०-८५ पैसा खा रही हैं, उनके विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई हुई, पीएमओ को इस पर श्वेतपत्र लाना चाहिए.

प्रधानमंत्री को याद दिलाना होगा कि देश में मौजूदा नौकरशाही और उसकी विभिन्न लाबियों, समाज में सक्रिय दबाव समूहों, अर्थजगत में छाई विभिन्न लाबियों को जनोन्मुखी बनाने, तथा इसमें बाधक व्यक्तियों को न्यायिक जांच के दायरे में लाने में, और समय रहते देश में प्रचलित ठेकेदारी की व्यवस्था की भी समीक्षा करने में, यदि वे विफल रहते हैं, तो फिर यही समझा जायेगा कि मतदाताओं ने दलित व पिछड़ी मानसिकता से बाहर निकलकर कांग्रेस को जो जनाधार दिया है, उसका मकसद अधूरा रह गया.

राजनीतिक इतिहास फिर अपने आप को दुहराए, तो देश में सबसे लम्बे समय तक राज करने वाली कांग्रेस को हतप्रभ नहीं होना चाहिए. सवाल देश की आर्थिक सेहत का तो है ही, आम जनता के आर्थिक सेहत की उपेक्षा भी घातक हो सकती है.....

IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Kamlesh pande, Spl. Correspondent, Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:


दुनिया बीमार हो गयी है. धीरे-धीरे यह एक अस्पताल में तब्दील हो रही है. हर कोई बीमार और लाचार नज़र आ रहा है.
'रोपे पेड़ बबूल का तो आम कहाँ से होय....!!'

मौजूदा संसार हमारे ही अतीत के चिंतन का परिणाम मात्र है.
सृष्टि की इस अनमोल दुनिया को हमने अपनी असीम भोग की कामना के चलते बर्बाद एवं बदरंग कर दिया है.
पश्चिम के विचारकों ने कहा कि मनुष्य 'वासनाओं का एक पुंज है'. वासना की पूर्ति ही जीवन का लक्ष्य है. इस अवधारणा ने बेलगाम भोग को जन्म दिया. जंगल उजड़ गए,पहाड़ टूट गए. नदियाँ विषैली ही नहीं, सूख भी गयी. धरती बंजर हो गयी. दर्द एक हो, तब तो कहें, यहाँ तो चारों ओर विनाशलीला..........

जीवन की तमाम जरूरी चीजें अर्थहीन हो गयी हैं. आज हम जहरीली दुनिया में जीने को अभिशप्त हैं.
आज 'स्वाइन-फ्लू' से हड़कंप मचा है. कल 'बर्ड-फ्लू' का हौव्वा था. क्या मुर्गी और निरीह सूअर ही जिम्मेदार हैं इसके लिए?

दरअसल यह 'मानव-फ्लू' है. मनुष्य ही जिम्मेदार है इसके फैलाव के लिए.
१९१८ में फ्लू ने एक लाख लोगों की जान ली. १९५७ में चार लाख मौतें हुई. १९६८ में हांगकांग फ्लू ने सात लाख लोगों की जान ले ली. मौसमी बुखार से प्रतिवर्ष ३६००० की मौत केवल भारत में होती है.

अमेरिका में 'स्पिथफिल्ड फ़ूड कारपोरेशन' एक साल में १० लाख सूअर को काटता है. आज दुनिया की सबसे बड़ी मांस विक्रेता कम्पनी यही है. १० लाख सूअरों को जिस तरह रखा जाता है, वह भयानक बीमारी का कारण है. 'बर्ड-फ्लू' का भी यही कारण था, कि छोटी सी खोली में मुर्गियों को ठूंसकर रखा जाता है. स्वाभाविक जीवन नहीं जीने के कारण इससे वायरस का जन्म होता है, जो मनुष्य तक पहुँच जाता है.

मामला केवल सूअर और मुर्गी का ही नहीं है. सवाल है मनुष्य की लगातार कम होती जा रही प्रतिरोधी शक्तियों का.
मनुष्य जिस भयानक माहौल में जी रहा है, वह जानलेवा है. जहरीली हवा और पानी के साथ-साथ जहरीला भोजन भी अब प्रभाव दिखाने लग गया है.

भारत के खेतों में बोए जाने वाले बीज के बारे में आप जान लें. आज भारत के बीज बाज़ार पर 'मोनसेंटो' कम्पनी का एकाधिकार हो चुका है. यह वही 'मोनसेंटो' कम्पनी है, जो जहर बनाती है. पोटाशियम सायनाइड भी यहीं बनता है. इस कम्पनी ने जो बीज, बाज़ार में उतारा है, वह है 'जेनेटिक मोडिफाइड (जी.एम्.) सीड'. इस बीज में भी सूअर का जीन मिला है. इस बीज से उगी फसल जानलेवा है. कैंसर जैसी घातक बिमारियों का होना निश्चित है. शरीर की प्रतिरोधी शक्तियां भी क्षीण हो जाती हैं. इस बीज के पौधे का पराग, झड़कर जमीन को भी बंजर बनाता है. लगभग खाद्य सामग्री पर इसका प्रभाव है.

भारतीय समाज लाखों वर्षों से खेती से जुड़ा हुआ है. आज तक इन्होने जल, जमीन और वायु को प्रदूषण से बचाए रखा. हम जब पीपल की पूजा करते थे, गंगा और गाय को माँ कहकर पूजते थे, तो दुनिया हमारा मजाक उड़ाती थी, 'बैकवर्ड कंट्री' कहकर.

आज दुनिया उजाड़ की ओर बढ़ रही है, तो भारत की याद आ रही है. जैविक खेती, जैविक खाद, जैव उत्पाद, भू-संरक्षण, गोधन की रक्षा, वन और जल संरक्षण के लिए दुनिया भारत की ओर लौट रही है. विश्व के चिन्तक मानने लगे हैं, कि यह कथित विकास प्रकृति विरोधी है.

मानवी सभ्यता को अगर बचना है, तो भारतीय जीवन पद्धति और भारतीय मूल्यों की ओर लौटना ही होगा.
दुनिया आज मजबूर हो रही है, ' त्येन त्यक्तेन भुंजीथा:' का मन्त्र-जाप करने के लिए....

IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:


प्रख्यात चिन्तक बेकन का मत है, कि 'इतिहास मनुष्य को बुद्धिमान बनाता है.'

इतिहास का छात्र होने के नाते मैं भी इससे सहमत हूँ. जिस प्रकार प्रकृति में अमृत (गाय) और विष (सांप) दोनों निहित हैं, एवं उसकी मात्रात्मक गडबडी अपने गुणों के विपरीत अवगुण में बदल जाती है. यानि कि अधिक घी का सेवन जानलेवा साबित होता है, और विष की उचित मात्रा औषधि में परिवर्तित होकर कई जीवन बचा लेती है.

कहने का तात्पर्य यही है, कि जैसे सागर-मंथन से निकले अमृत-विष की मात्रात्मक गडबडियां तुंरत विरोधाभाषी गुण में परिवर्तित हो जाती हैं; उसी प्रकार व्यक्तित्व के 'इतिहास सागर' में जब भी 'विवेक की मथानी' चलायी जाए, तो इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि जिन्हें हम महापुरुष कहते हैं और उनकी पूजा करने को आतुर रहते हैं तथा जिन्हें हम खलनायक मानकर सर्वत्र निंदा का पात्र बना देते हैं, के बारे में भारतीय/वैश्विक बुद्धिजीवियों को अतिप्रशंसा और अतिनिन्दा की प्रवृति से बचना चाहिए. क्योंकि कुछ भी पूर्ण सत्य नहीं होता.

जयचंद एक ऐतिहासिक पात्र है. तत्कालीन राजनीतिक परिस्थिति में उसने खलनायक की भूमिका निभाई और विदेशी आक्रान्ताओं से मिल गया, जिससे भारतीयता कमजोर हुई. हम गुलाम हुए, और वह अब तक निंदा का पात्र है.

वस्तुतः, जयचंद कोई पात्र नहीं, अपितु एक प्रवृत्ति है. यह प्रवृत्ति देश के अन्दर भी हाथ मिलाती है और देश के बाहर भी. हम सबको जयचंद के बारे में यह समझना चाहिए कि वह सत्ता प्रतिष्ठान के अधिक करीब था, इसीलिए उसने राजा के साथ विश्वासघात किया. क्या ब्रिटिश कालीन भारत में या आजादी के बाद के भारत में यह प्रवृत्ति नष्ट हो गयी?
कदापि नहीं..

केंद्रीय राजनीति हो, सूबाई राजनीति हो या त्रिस्तरीय पंचायती राज वाली राजनीति, क्रमशः प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिला परिषद् अध्यक्ष-प्रखंड प्रमुख-मुखिया जी से पूछें कि जहाँ दलगत सत्ता है, वहां पार्टी को आधार बनाकर और जहाँ दलगत सत्ता नहीं है, वहां व्यक्ति को आधार बनाकर कितनी बार तख्ता-पलट की सफल या विफल कोशिश हुई है...

क्या हम लोग इन देशी जयचंदों को माफ़ कर पाएंगे; क्योंकि हालिया 'जिन्ना-जसवंत' प्रकरण से तो यही लगता है कि हमने इन्हें माफ़ करना भी सीख लिया है.
जयचंद की ही अगली कड़ी विभीषण है. सिर्फ अर्थ की गंभीरता दोनों को अलग करती है...

क्रमशः...
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Kamlesh Pande, Spl. Correspondent, Swaraj T.V.

(तस्वीर गूगल इमेज सर्च से साभार)

You Wuld Also Like To Read:


रेडियो-दूरदर्शन पर 'हरियाणा नंबर वन' का धुआंधार प्रचार जारी है. देखते-सुनते आजिज हो गया हूँ. विकास की जो तस्वीर पेश की जा रही है, वह बहुत ही फूहड़ और खोखली प्रतीत होती है.

भाजपा का अपना अन्तर्विरोध है, नाकारापन है, पर कांग्रेस भारत के मौजूदा चीखते सवालों से बचकर भाग नहीं सकती. अपने सौ दिनों के ही शासन काल में देश की जो दुर्गति की है, वह कहने और गिनाने की जरूरत नहीं है.

महंगाई, पार्टी पूछकर घर नहीं घुसती...चाहे कांग्रेसी हों या भाजपाई, हर का जीवन जंजाल बन गया है. महंगाई स्थायी मुसीबत के रूप में स्थापित हो चुकी है. सूखे की मार अलग है. देश महामारी को झेलने को विवश है..
झूठ को हज़ार बार दुहराओ कि वह सत्य बन जाए. क्या हरियाणा भारत राष्ट्र से अलग है? क्या हरियाणा की भूमि अचानक उर्वरा हो गयी है? क्या हरियाणा के भूजल स्तर में सुधार आ गया है? उत्पाद, बाज़ार और विपणन पर क्या हरियाणा के किसानो का अधिकार हो गया है? खेती योग्य जमीन से क्या किसानो की बेदखली रुक गयी है?

हरियाणा भ्रूण-हत्या के मामले में 'नंबर वन' रहा है. क्या यह छवि सुधर गयी है? जातीय समरसता जार-जार नहीं हुई है, क्या हरियाणा में? झज्जर की तालिबानी पंचायतो का क्या फैलाव नहीं हुआ है?

दरअसल मनमोहन सिंह के सिपाही जिस विकास की बात कर रहे हैं, उस विकास की पोल खुल चुकी है.'हरियाणा नंबर वन' जिस विकास की कसौटी पर 'नंबर वन' बना है, उसकी परिणति देश देख रहा है.
किसानों के हाथ से बीज छिन गए, बाज़ार निकल गया. खाद ख़त्म हो गए. कृषि के तमाम साधन आज बाज़ार के हवाले हो चुके हैं. खेती बाज़ार का नहीं, आजीविका का साधन है.

हरियाणा में भूमि का कम्पनीकरण किया गया. बड़े पैमाने पर किसानों की भूमि छीनी गई. उपजाऊ भूमि पर मॉल बन रहे हैं या फैक्ट्रियां खुल रही हैं. ऊंची अट्टालिका हरियाणा की बर्बादी को बयां कर रही हैं. सड़क, बिजली और पीने के पानी को पूरे सामाजिक जीवन से अलग कर विकास के लक्ष्य के रूप में विकसित किया गया.
हरियाणा का जो विज्ञापन टी.वी. और रेडियो पर चल रहा है, उसका सम्बन्ध केवल हरियाणा से नहीं है. उसे पूरा देश देख रहा है. अरबों रुपया खर्च करके कांग्रेस देश को क्या दिखाना चाहती है, कि वह तीस मारखां है...

'हरियाणा नंबर वन' बना सकते हैं, तो देश को भी नंबर वन बना सकते हैं. कांग्रेस लाज बचा रही है. महंगाई का जवाब नहीं है कांग्रेस के पास.

कांग्रेस मायावती को घेरती है कि वह मूर्ति क्यों बनावती फिर रही हैं? कांग्रेस बताये कि वह देश का पैसा क्यों पानी की तरह बहा रही है?
देश की दारुण स्थिति को देखते हुए, कांग्रेस को तुंरत इस प्रकार की फिजूलखर्ची पर रोक लगाना चाहिए. हरियाणा में विकास के नाम पर हुए विनाश की चर्चा जारी रहेगी.......

IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

You Would Like To Read:


ऐसा पहली बार हुआ है, नम्बर वन हरियाणा। क्या वाकई हरियाणा देश के अन्य राज्यों के मुकाबले नम्बर वन का खिताब जीत चुका है? यह खिताब किसकी तरफ से और किस तरह से दिया गया है? राष्ट्रीय स्तर की संस्था द्वारा, सरकार द्वारा, खुद कांग्रेस द्वारा या फिर इसे पैसे से खरीदा गया है। इस तरह से कई सवाल कौंध रहे है, लोगों के मन में। अब तक तो हमने सुना था कि गुजरात अन्य राज्यों के मुकाबले में ज्यादा विकसित, प्रशासनिक रूप से कुशल, आर्थिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी सराहनीय कार्य कर अपनी जगह नम्बर वन के खिताब पर पक्की किए हुए है।

लेकिन कुछ दिनों से हरियाणा सरकार, एफएम, सरकारी और गैर सरकारी चैनलों के अलावा अखबार अर्थात बाजारू हो चुकी पत्रकारिता के माध्यम द्वारा प्रसारित अपनी चंद चुनावी घोषणाओं के आधार पर नम्बर वन कहलाने की जुगत में लगी हुई है। एफएम 92.7 (बिग एफएम) ने तो अपने हर गानों के बाद ही हरियाणा के हुड्‌डा सरकार का गुणगान कर चुनावी वोट बटोरने का खासा इंतजाम कर रखा है।
ये सब तो ठीक है भैईया कीमत उसे मिली है, आखिर चंद वोटरों को भी तो वोट डालने के लिए कीमत दी जाती रही है। लेकिन तब जब पूरे साढ़े चार साल बाद चुनाव की बारी आई। इससे पहले तक शायद हरियाणा की हुड्डा सरकार को इन बेहतरीन योजनाओं पर नजर नहीं पड़ी होगी। दरअसल ये केवल हुड्डा की बात नहीं है. बल्कि ऐसा काम कांग्रेस अनेकों बार कर चुकी है और तो और ये उनकी अब आदत सी हो गई है। वे अपने शासन के कार्यकाल के चार वर्षों तक जनता को मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से शोषण करती है। और चुनाव आते ही जनता को लुभाने के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा देती है। हालांकि इसका लाभ जनता को चुनाव तक ही लोगों को मिलता है, फिर वही ढाक के तीन पात। सरकार के दोबारा सत्ता में आते ही मंहगाई चरम पर, थाल से दाल गायब, चीनी की मिठास में फीकापन, बेरोजगारी से जुझते नौजवानों का अंबार, आंतकवाद के आगे घुटने टेकते भारतीय प्रधानमंत्री। क्या ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है, दोबारा चुनी गई इस कांग्रेस सरकार में।
लेकिन ये सब कुछ भी ठीक है, क्योंकि जो जैसा करता है, वह वैसा ही पाता है। जनता ने चुनावी घोषणा को देखकर अपना मत दिया, ना कि पूरे पांच वर्ष के कामकाज को देखकर। दरअसल कांग्रेस ही क्या, सभी सरकार जानती हैं कि जनता की स्मरण शक्ति बेहद कमजोर है. वह अपने घरेलु परेशानियों से इस कदर जुझती रहती है कि उसे अन्य राजनीति में अपनी बुद्धि खर्च करना नागवार गुजरता है। और वह पुरानी बातों को आसानी से भूल जाती है। आज देश में न जाने कितनी समस्याएं है और इस परेशानियों से जनता त्राहिमाम्-त्राहिमाम्‌ करती दिखाई दे रही है। लेकिन हमें यह भी पता है कि लोग ४ सालों बाद इसे अवश्य भूल जाएंगे; क्योंकि उस वक्त भी कांग्रेस सरकार कुछ नया तोहफा, प्रसाद के तौर पर अवश्य बांटेगी। जिसका गुणगान करने में मीडिया बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेगा। क्योंकि मीडिया मैनेज भी बड़ी चीज होती है, जिससे भी चुनाव में जीत होती है। पर अफसोस की बात है कि मीडिया, एफएम फिर भी भारत को नम्बर वन नहीं बना पाएगा। क्योंकि जो काम ६३ सालों में नहीं हो पाया भला ५ सालों में क्या संभव होगा! हरियाणा की हुड्डा सरकार ने हाउस टैक्स, किसानों को कर में छुट, कृषि उत्पाद दरों में बढ़ोत्तरी, अनुसुचित जाति के युवतियों की शादी के लिए १५ हजार का मदद के साथ पेंशन देने का प्रावधान जैसे कई आकर्षक घोषणाएं कर हरियाणा के लोगों को आकर्षित करने का अवश्य काम किया है। यह अच्छी बात है, लेकिन यह सबकुछ दो-तीन वर्ष पहले ही हो जाता, तो शायद और भी लाभ लोगों को मिलता।
सबसे बड़ी विडम्बना यह रही कि जितनी भी चुनावी घोषणाए परियोजनाओं के तौर पर हुई वह या तो राजीव गांधी के नाम पर शुरू हुई या इंदिरा गांधी के नाम पर। फिर सवाल यह जेहन में उठता है, कि क्या हरियाणा की माटी ने किसी ऐसे महापुरूष या सपूत को जन्म नहीं दिया, जिसके नाम से यह सारी परियोजनाएं शुरू की जा सकती थी। इतना ही नहीं कम से कम हमारे देश भक्तों के नाम से भी कुछ परियोजनाएं होनी चाहिए थी, जिसके बहाने ही सही, लोगों के जेहन और जुबान में ऐसे सपूतों के नाम तो आते, जिन्होंने देश की आजादी में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। इतना नही तो कम से कम फिरोज गांधी के नाम से भी कुछ शिलान्यास कार्य कर डालते, जिससे लोगों को भी पता तो चलता कि नेहरू खानदान में गांधी उपनाम जुड़ने का अभिप्राय महात्मा गांधी से नहीं बल्कि
फिरोज गांधी से है। लेकिन आज जहां भी देखे और कुछ भी देखे तो किसी भी मुख्य स्थान, लगभग समस्त संस्थान या परियोजनाओं के नाम में नेहरू परिवारों का जिक्र होता रहा है। यहीं वजह है कि लोग सच्चे देश भक्तों को भूलने लगे है। और चिंता तब होती है, जब आने वाली हमारी नस्ले इन्हें पूरी तरह भूल चुकी होगी। इसके लिए राजनीतिक तौर पर कांग्रेस और नेहरू परिवार जिम्मेदार होंगे।
देश की आजादी के लिए मर मिटे शहीदों को भी नेहरू परिवार और कांग्रेस से अब घिन्न अवश्य आने लगी होगी और वे मरणोपरांत अफसोस भी जताने लगे होंगे की हमने देश के लिए क्या कुछ नहीं किया। परिवार गवाया, प्यार गवाया, जिंदगी गवाई, हमने सिर्फ खोया और जिसने केवल देश में राजनीति की, पैसों के दम पर, वह न केवल पा रहे है, बल्कि अपनी पहचान बनाए रखने के लिए हमारा नामों निशान तक मिटा रहे है।
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Narendra Nirmal

You Would Also Like To Read:


भारतीयों-पाकिस्तानियों को जिन्ना और नेहरु के विषय में अधिक बताने की आवश्यकता नहीं है. यह भी कहने की जरूरत नहीं है कि दोनों महापुरुषों के सपनों का उनके द्वारा निर्मित देशों में क्या हश्र हुआ, अंतर सिर्फ उन्नीस या बीस का हो सकता है? नेतागण हिंदुत्व की दुहाई देकर, हमारे मासूम जनता का रक्त-तिलक लगाकर केंद्र और सूबाई सत्ता का उपभोग करते ही किस प्रकार गिरगिटिया रंग बदलने लगे. सिर्फ नरेन्द्र मोदी जैसे बिरले ही उसका अपवाद हो सकते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व रक्षामंत्री जसवंत सिंह, आर. एस. एस. के सरसंघचालक कुप्पा हल्ली सीता रमैय्या सुदर्शन जैसे लोग जिन्ना और हिंदुत्व की कसौटी पर कितना खरा उतरते हैं- जनता महसूस कर रही है.


भारतीय समाज 'वसुधैव कुटुम्बकम' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया' के सिद्धांत पर अमल करता आया है और हमारे लिए 'ग्लोबल विलेज' की अवधारणा नई नहीं है. हमने विदेशी प्रहार झेले हैं तथा प्रतिरक्षात्मक रणनीति ही अपनाई है, कभी आक्रामक प्रतिशोधी रणनीति पर नहीं चले. एक आम भारतीय होने के नाते मैं धर्मनिरपेक्ष पार्टी कांग्रेस से अपेक्षा करता हूँ कि, चूँकि आप पर तुष्टिकरण का आरोप लगता रहा है एवं सच्चर कमिटी की रिपोर्ट से साबित होता है, कि अकलियत के भाइयों के प्रति आपकी पार्टीगत सोच प्रगतिशील है. कांग्रेस के नेतृत्व में हमारे मुसलमान भाई राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति, लोकसभाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, राज्यपाल आदि अहम् पदों को सुशोभित कर चुके हैं.

अक्सर कहा जाता है कि नेहरु ने विभाजन स्वीकार कर लिया, लेकिन जिन्ना को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया... हम इतिहास को तो बदल नहीं सकते, लेकिन नेहरु जी के नाती-वधुओं अर्थात सोनिया गाँधी और मेनका गाँधी तथा परनाती राहुल गाँधी और वरुण गाँधी एवं परनातिन प्रियंका से अपील करता हूँ, कि वे ऐसी राजनीतिक परिस्थितिया तैयार करें, ताकि किसी मुस्लिम नेता को प्रधानमंत्री बनाकर उक्त ऐतिहासिक कलंक को धोया जा सके. इससे भारत-चीन संबंधों को भी बल मिलेगा.

कोरा सच है, कि भविष्य में सत्तापक्ष और विपक्ष की राजनीति राहुल-वरुण के आसपास ही घूमेगी. कांग्रेस पूर्व राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन के नाती एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, सलमान खुर्शीद या भाजपा भागलपुर के सांसद शहनवाज हुसैन को प्रधानमंत्री बनाने का साहस दिखाए तो २१ वीं सदी का इतिहास बदल सकता है. यह सांप्रदायिक सौहार्द का सबसे बड़ा नमूना होगा....और वोट बैंक की राजनीति......?
ऐसा करने के बाद पश्चाताप भी व्यक्त हो जायेगा..

-Kamlesh Pandey, Spl. Correspondent, Swaraj T.V.


६३ वें स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में न केवल 'वर्तमान राजनीतिक संकट और लोकतान्त्रिक समाजवाद का भविष्य' विषय पर परिचर्चा हुई बल्कि गैर कांग्रेसवाद और गैर-भाजपावाद की राजनीतिक सरजमीं पर देश भर के बिखरे समाजवादियों को एक बार फिर से एक सूत्र में पिरोने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल भी की गई और इस प्रकार 'लोकमोर्चा' नामक संगठन, जो आने वाले दिनों में समस्त औपचारिकताएं पूरी कर, राजनीतिक दल का आकर ग्रहण करेगा, अस्तित्व में आया.


इस पूरी मुहीम के केंद्र में नवगठित लोकमोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक, बांका(बिहार)सांसद दिग्विजय सिंह हैं. श्री सिंह को पूर्व रेल राज्यमंत्री एवं पूर्व विदेश राज्य मंत्री होने का गौरव भी प्राप्त है. वैसे तो श्री सिंह के इस प्रयास को बिहार के मुख्यमंत्री जदयू नेता नीतीश कुमार को घेरने और उनपर दबाव बढाने के रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन जिस प्रकार से बिहार के जाने-माने समाजवादी नेता और पूर्व सांसद रामजीवन सिंह, पूर्व सांसद अरुण कुमार के अलावा उपेन्द्र कुशवाहा, ब्रहमानंद मंडल, गजेन्द्र हिमांशु, शिवनंदन बाबु आदि नीतीश विरोधी नेता दिग्विजय सिंह के पीछे खड़े दिखाई दे रहे हैं, उससे इतना तो तय है, कि सत्ताधारी जदयू-भाजपा गठबंधन को हालिया विधानसभा उपचुनाव और २०१० में होने वाले विधानसभा चुनाव में राजद, कांग्रेस, लोजपा, वामपंथी पार्टियों के साथ-साथ लोकमोर्चा से भी मिलने वाली राजनीतिक चुनौतियों को भी झेलना पड़ेगा. और परिणाम कुछ भी हो सकता है, क्योंकि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर दिग्विजय सिंह की जीत से न केवल उनका हौसला बढा है, बल्कि मंडल आन्दोलन और दलित चेतना के प्रमुख नेताओं नीतिश कुमार, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान, मुलायम सिंह यादव और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के राजनीतिक बयानबाजियों और प्रशासनिक निर्णयों से क्षुब्ध रहने वाले सवर्ण नेताओं एवं कट्टर सवर्ण मतों के लोकमोर्चा के साथ जुड़ने की संभावनाएं बलवती हुई हैं.

जारी......
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE
Top Blogs

-Kamlesh Pandey, Spl. Correspondent, Swaraj T.V.

You Would Also like To Read:

भारतीय जसवंत पार्टी???

Posted by Nirman Samvad On 8/23/2009 09:47:00 pm 2 comments


भष्मासुर की पीढी के निर्माण व उस परंपरा के निर्वहन में जुटी 'भारतीय जसवंत पार्टी' इन दिनों गहरे संकट में है. हाल ही में चुनावी मोर्चे पर मिली पराजय के बाद से अवसादग्रस्त पार्टी, घरेलु मोर्चे पर घिर गयी है. चुनौती भी उसी भष्मासुर से है, जो कल तक भाजपा के प्रिय संकटमोचक थे. कथित अनुशासन और विचारधारा के नाम पर स्वजनों की बलि, भाजपा की पुरानी परंपरा है. यह पहली दफा नहीं है, जब परिवार के किसी निष्ठावान प्रभावशाली नेता ने अपने दल-कुल की फजीहत की हो. दल-उत्थान के लिए गोविन्दाचार्य, उमा भारती, कल्याण व बाघेला जैसे नेता समय-समय पर भाजपा को चुनौती देते रहे हैं. भष्मासुरी संस्कार ने अपने अपने आघातों से पार्टी की जो दशा की है, वो जगजाहिर हैं.

पैदाइश के बाद से अब तक के सबसे ख़राब दौर से गुजर रही भाजपा, जहाँ चिंतन के जरिये खडा होने की जुगत में जुटी है, वहीँ दूसरी तरफ अतीत के संकटमोचक, संकटकारक बन, चिंता बढा रहे हैं. भाजपा के पोल-खोल अभियान में जुटे भष्मासुर का आक्रोश बेजा नहीं है, भाजपा ने तीन दशक से लीक पर चल रहे सपूत को परम्परा निभाने का दंड दिया है.

घर-निकाला का सामना करने वाले, भाजपा के घोषित कपूत का रोष जायज है. भाजपा के इस नए कपूत ने अपनी नई किताब में पार्टी की परम्परा का ही तो निर्वहन किया है, फिर पुरस्कार की जगह तिरस्कार क्यों? अपने संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श, दृष्टिकोण व बलिदान को तिरस्कृत करने वाली भाजपा, महापुरुषों का क्या खाक सम्मान करेगी? रामसेवकों की लाश पर लात रखकर सत्ता-सुख भोगने वाली पार्टी से शहादत के सम्मान की उम्मीद ही बेमानी है. 'गांधीवादी समाजवाद' से शुरू होकर, हिन्दू-राष्ट्रवाद, एकात्ममानववाद, राम-रोटी-मकान और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बाद 'भारत-उदय' कर चुकी भाजपा में वादाखिलाफी कूट-कूट कर भरी हुई है. हर बार चुनाव के बाद नारा और चेहरा बदलने वाली भाजपा की बुनियाद ही दोषपूर्ण है.

मोहम्मद अली जिन्ना को भारत विभाजन के दोष से मुक्त करती, व्यक्तिगत कुंठा, बौद्धिक क्षुद्रता, दलगत संस्कार पर आधारित किताब "जिन्ना: भारत विभाजन के आईने में" के जरिये जसवंत सिंह ने अपने साथियों के विचार को आधार दिया है. भाजपा में दृष्टिकोण की पुनर्व्याख्या की जिस परम्परा को भाजपा के जंग खाए लौह-पुरुष ने शुरू किया था, जसवंत सिंह ने बस उसे विस्तार दिया है.

कमाल तो यह है कि जिन्ना की मजार पर पुष्प चढाने वाले, भावावेग में ऐतिहासिक कसीदा पढने वाले भाजपा के रथी भी कपूत-निष्कासन को जायज मानते हैं. भारतीय राजनीति को इच्छाशक्ति का व्यावहारिक अर्थ बताने वाले लौह-पुरुष का अपमान और बैरिस्टर मो. अली जिन्ना का गुणगान भाजपा की परंपरा का परिचय मात्र है.
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Amitabh Bhushan 'Anhad', Swaraj T.V.

You Would Aslo Like To Read:


'नया मियां प्याज ज्यादा खाता है!'. मैं भी नया-नया संघी बना था. संघ के एक स्वयंसेवक श्याम जी 'संघ-साहित्य' बेचते थे. एक से एक किताब लाते थे. 'यों देश बाँट गया', 'मोपला विद्रोह', 'विचार नवनीत', राष्ट्रान्तरण बनाम धर्मान्तरण', 'मैं, मनु और संघ'.....आदि-आदि.

एक दिन उन्होंने कहा कि "गुरु एक किताब पढ़ लोगे तो दिमाग ख़राब हो जायेगा... गाँधी को गली देने लगोगे, रियली भाई, गाँधी ने इतिहास में गंध फैला रखा है. देश तोड़ दिया... मुस्लिम हितैषी गाँधी, हिन्दुओं का कितना बड़ा दुश्मन था.?"
मैंने भी कहा कि इतनी देर क्यों? जल्दी दीजिये किताब. उन्होंने पुस्तक दिया-
"गाँधी वध और मैं"

मैं नया-नया कॉलेज में आया था. विशुद्ध कस्बाई मन. भावना से भरपूर.... मैं भी गोडसे के बयान की गिरफ्त में आ गया; और फिर शुरू हो गया गाँधी के खिलाफ बोलने में... गाँधी पर जब मैं बोलता तो अनपढ़ लोगों को आहत देखता. उनकी आँखों में विस्मय होता. उनका मौन कहता, मानो मैंने गाँधी पर बोलकर कोई पाप कर दिया हो; उनकी श्रद्धा और विश्वास पर मैंने चोट कर दी हो.

आज मैं शीर्षक समझ पा रहा हूँ, कि गाँधी के लिए 'वध' शब्द का प्रयोग क्यों किया गया? गाँधी के साथ हत्या, मर्डर, किलिंग शब्द का भी प्रयोग हो सकता था, पर यह वध क्यों?
हमारे समाज में 'वध' शब्द या तो 'रावण' से जुड़ा है या 'कंस' से...!
तो क्या गाँधी का जीवन 'रावण' और 'कंस' की तरह था? क्या गाँधी इतना बड़ा अत्याचारी, लुटेरा, अनाचारी और हत्यारा था, कि उसका वध करना पड़ा?

संघ शिविरों में बिकने वाली किताबों में 'गाँधी वध और मैं' एक प्रतिनिधि किताब होती है. खूब कमाई होती है, इस किताब को बेचकर.

कथित तौर पर एक से एक विद्वान, विचारक, वक्ता और चिन्तक वहां दिखते थे; पर किसी का विरोध नहीं था, कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी पर लिखी गयी इस किताब को नहीं बिकने देना चाहिए...
एक बार जब मैंने कहा भी तो एक अधिकारी ने कहा कि यह ऐतिहासिक मामला है. नयी पीढी को जानने का हक है कि इतिहास की विद्रूपताएं क्या-क्या हैं?

आज पटेल पर जसवंत ने कुछ लिखा, तो वे अधिकारी क्यों नहीं बोलते कि यह इतिहास का मामला है, इसे जानने का हक है देश को? क्यों निकाल दिया गया जसवंत को? क्यों उनकी किताब पर प्रतिबन्ध लगाया जा रहा है? गोडसे की लिखी किताब पर भाजपानीत सरकारों ने प्रतिबन्ध क्यों नहीं लगाया?
संघ, नेहरु के विरोध में ज्यादा आगे नहीं बढ़ सकता. जिन्ना को दुश्मन नंबर वन बनाना ही पड़ेगा. जिन्ना अगर साफ़-सुथरा हो गए तो मुस्लिम घृणा पर आधारित भावी राजनीति का क्या होगा? नेहरु के अत्यधिक विरोध से तो हिन्दू भी बंट सकते हैं.

'गांधीवधी-समाजवाद' या 'गांधीवादी-समाजवाद'....? गाँधी को प्यार कर या तिरस्कार कर, पर गाँधी को नकारकर कोई राजनीति देश में नहीं चल सकती. विरोध हो या समर्थन, गाँधी आज भी केंद्र में हैं.
गाँधी नकली मुद्दा, नकली विरोध और नकली नेतृत्व के पक्षधर नहीं हैं. गाँधी के मन और जीवन में भारत दिखता है. उनकी राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक समझ में भारतवाद दिखता है.

सूचना तकनीक के विस्फोट के इस दौर में बातें अब गोपनीय नहीं रह सकती. अपने आडवाणी को उन्होंने 'लौह-पुरुष' कहा. फिर अब दूसरे 'लौह-पुरुष' की क्या आवश्यकता है? उस सरदार ने तो गृहमंत्री रहते संघ पर प्रतिबन्ध भी लगा दिया था. पटेल तो दुश्मन नंबर वन होना चाहिए. संघ का अपना 'लौह-पुरुष' तो हो ही गया है, अब कोई नकली 'बापू' भी बना ले. वैसे गाँधी के नाम पर दो गाँधी को तो खोज ही लिया है. पर इस मेनका गाँधी और वरुण गाँधी से बहुत भला नहीं होगा संघ का.

भाई! मेनका गाँधी कुत्तों को बचायेगी कि मुसलमानों को? वरुण गाँधी तो इस्लाम को निहत्था ही बना देना चाहता है..
अगर इन्ही 'गांधियों' पर भाजपा का 'गांधीवादी समाजवाद' खडा होना है तो जसवंत को निकालना और उनकी किताब पर प्रतिबन्ध जरूरी है. 'गांधीवध और मैं' को 'घोषणा-पत्र' में शामिल करें.. गाँधी का सम्मान न ही सही, पर गाँधी का अपमान करके भी पार्टी जिन्दा रह ही लेगी......
देखते रहिये गाँधी का बाजार बाजारभाव....
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:

जयचंद, जिन्ना और जसवंत....

Posted by Nirman Samvad On 8/22/2009 02:38:00 pm 7 comments


किसी गद्दार का महिमा मंडन, दल क्या कोई देश भी बर्दाश्त नहीं करेगा. देश के दुश्मनों को देश से बाहर करो और दल के दुश्मनों को दल से बाहर करो.
'भारत में यदि रहना है, तो वन्दे-मातरम कहना होगा', नहीं तो देश छोड़कर जाना होगा. 'जो हिन्दू हित की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा'...... माफ़ कीजिये....मैं नारों के जंगल में भटक गया..

हाँ, तो मैं कह रहा था कि कथित वन्दे-मातरम विरोधितों को आज तक नहीं निकाला जा सका.... ये 'बाबरी-संतान' आज भी देश में जमे हैं, उसे निकाल पाना बहुत मुश्किल जान पड़ता है हिन्दू-वीरों को....
खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे.... मियां को देश-निकाला देने के बजाय, जसवंत को ही दल-निकाला दे दिया......जियो मेरे लाल...

जसवंत का अपराध क्या है? जसवंत ने जिन्ना को सेकुलर बताया, पटेल को विभाजन का जिम्मेदार बताया...परिणाम, जसवंत को पार्टी से ही निकाल दिया गया. न कारण बताओ नोटिस, ना ही कोई स्पष्टीकरण..... बस तालिबानी फरमान थमा दिया..

'संघं शरणम गच्छामि'....वाले नेता ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का भी ख्याल नहीं रखा. जो पार्टी अपने अन्दर के लोकतंत्र की हिफाज़त नहीं कर सकती, वह देश के लोकतंत्र की रक्षा कैसे करेगी?
अगर जसवंत ने पटेल पर लिख ही दिया, तो इतनी हाय-तौबा की बात क्या है? पटेल को महान होने के लिए ना तो संघ का पुरस्कार चाहिए, ना ही किसी जसवंत का तिरस्कार... जसवंत की पुस्तक से पटेल ना तो प्रमाणित होंगे ना ही अप्रमाणित..

भाई! गाँधी के सम्बन्ध, सरोकार और संस्कार पर लाखों लेख लिखे गए. मायावती ने तो गाँधी को शैतान की औलाद कहा, तो क्या उखड गया गाँधी का? जो मौलिक है वह मौलिक ही रहेगा..
पटेल पर जो किताब लिखी गयी, उसका प्रचार संघ परिवार इस कदर कर रहा है, मानो उस प्रकाशक का एजेंट हो संघ, और किताब को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रकाशक से पैसा लिया हो.....
किताब आई, वह लाइब्रेरी में सज जाती, पर हो-हल्ला मचाकर पटेल का जितना अपमान किया जा रहा है, उतना शायद जसवंत चाहकर भी नहीं कर पाते..

पटेल पर टिपण्णी करके सरदार को घाटा हो या ना हो, संघ को घाटा अवश्य होगा.
संघ के शिखर ही अगर ध्वस्त होंगे, तो संघ किसके बल पर जिन्दा रहेगा? संघ के लिए सरदार पूज्य इसलिए हैं, कि गृहमंत्री रहते उन्होंने सोमनाथ का उद्धार किया था. इसी सोमनाथ के बहाने संघ सरयू और सेतु तक पहुँच गया.

सावरकर और वाजपेयी पर भी सवाल है. दोनों ने बाद में आकर समझौता किया. वाजपेयी ने तो अंग्रेजों से समझौता कर के अपने ही क्रांतिकारी साथियों को फंसा दिया था. यह थी वाजपेयी की देशभक्ति.....?
कौन गद्दार है, कौन खुद्दार है, यह कौन तय करेगा?
अब तो जयचंद को भी गद्दार नहीं कह सकते. जयचंद के समर्थकों ने एक संगठन भी बनाया है, जिसका काम होगा, जयचंद को सम्मान दिलाना..

जसवंत ने अगर पटेल पर उंगली उठाई है तो उन्हें अन्य राजे-रजवाडों पर भी प्रश्न खडा करना चाहिए, जो राय बहादुर चौधरी और सिंधिया टाइटल पाने के लिए अंग्रेजों का साथ दे रहे थे. उन बनियों के खिलाफ भी जसवंत को बोलना चाहिए, जो भारतीय-सेठ और नगर-सेठ आन्दोलनकारियों का मजाक उड़ते हुए कहते थे-"पागल हो गयो है के, थारो से आजादी मिलेगी कोणी...."

आज वही सफेदपोश लोग देशभक्ति का मुखौटा लिए घूम रहे है. अगर भाजपा को अन्य चीखते सवालों से कोई सरोकार नहीं रखना है, केवल अर्थहीन सवालों पर ही उलझना है, तो वही काम पहले कर ले. तय हो जाने दे कि कौन खुद्दार है, कौन गद्दार....?
संघ कितने जसवंत को बाहर निकालेगा. सच का सामना करे संघ. शुतुरमुर्ग की तरह सर छुपाने से तूफान नहीं रुक जायेगा.

गाँधी और जिन्ना को गाली देकर कितने दिनों तक राजनीति चलेगी. सत्य को उभरकर आना ही है. हज़ार बार झूठ को दुहराओ तो वह सच नहीं बन जाता है. भाजपा दशकों के अपने दुष्प्रचार से कन्नी कैसे काटेगी.....
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:


हे ब्लोगरों! यह बौद्धिक वैश्यावृत्ति कब तक?

जब विजयेन्द्र जी, महंगाई और राजनीतिक क्षुद्रता की बात करते हैं, तब किसी को होश नहीं आता. जब हम यमुना की गन्दगी और बढ़ते कंक्रीट के जंगलों की चिंता व्यक्त करते हैं, तब कोई टिप्पणीबाज ब्लोगर नहीं दिखाई देता.

आप जैसे ही कुछ महान लोगों ने भारत की तासीर ऐसी बना दी है, कि यहाँ आमजन की आजादी छीन ली जाए, संवैधानिक अधिकार ख़त्म कर दिए जाएँ, जीने की मूलभूत सुविधायें भी सरकार मुहैया न करा पा रही हो, कोई प्रश्न खडा नहीं होता. लेकिन जैसे ही कोई धर्मं का नाम लेता है, लोग उसे नोच खाने को दौड़ पड़ते हैं.
और दुर्भाग्य से इस दौड़ में भी समन्वय नहीं, प्रतिस्पर्धा झलकती है.

ब्लॉग की इस दुनिया में कदम रखते हुए ब्लोगर शब्द बहुत ही अच्छा एहसास देता था. इस शब्द से एकात्म का अनुभव होता था. लगता था कि निश्चय ही यह एक बौद्धिक समूह की तरह से कार्य करते होंगे.
मगर ऐसा नहीं है. ब्लॉग विमर्श का नही, बल्कि मात्र बहस का अड्डा है.

विषय मीडिया के हिन्दू-विरोधी चरित्र को लेकर था. आपने जिस प्रकार से उसके सिर्फ एक ही पक्ष को अंतिम सत्य में परिवर्तित कर दिया, उसको लेकर ससम्मान हमने विचार को एक विमर्श के लिए रख दिया. हमने आपकी बात से असहमति नहीं, बल्कि उसके एक विशेष कोण पर आपत्ति की. मीडिया की बजाय, हमने खुद हिन्दू के भीतर के अंतर्विरोधों को भी प्रश्न की कतार में लाने का प्रयास किया.

लेकिन जिस तरह से इस 'बौद्धिक-जुएबाज' ब्लॉग जगत ने एक गंभीर विमर्श के मुद्दे को, बहस में तब्दील कर दिया, देखकर खेद होता है. जिस तरह से पूरे विषय को 'हिन्दू बनाम मुस्लिम' में तब्दील कर दिया गया, इन'बौद्धिक-विलासिता' के आदी हो चुके टिपण्णीबाजों के द्वारा, अब यह स्वयं में एक विमर्श का विषय हो गया है.
ब्लोगरों, तुम हिन्दू हो, ये मुझे पता है; तुम मुस्लिम हो, यह भी मुझे पता है; तुम सिक्ख हो- ईसाई हो, तुम सवर्ण हो-अवर्ण हो, यह भी मुझे पता है. तुम कांग्रेसी हो-भाजपाई हो, क्षेत्रीय हो-वामपंथी हो,यह भी मैंने देख लिया है.

लेकिन एक प्रश्न यह है, कि तुम सब मनुष्य कब बनोगे?

ब्लोगरों, मेरा आग्रह है, कि इस बात पर एक स्वस्थ विमर्श करो, बहस नहीं.

टिप्पणियां करने और जागरूकता दिखाने के लिए और भी विषय हैं देश में.

IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Amit Tiwari 'Sangharsh', Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:

यह अब तक का एक सच है, कि स्त्री आज भी अपनी आजादी का अनुभव नहीं कर पायी है. आज भी स्त्री के साथ होने वाला व्यवहार शोचनीय ही है. अभी दो दिन पहले ही समाचार मे आया कि हैदराबाद की एक लड़की ने दहेज की मांग के चलते आत्महत्या कर ली,उसी दिन एक गैंग रैप की खबर और एक औरत के यौन उत्पीड़न की ख़बर भी थी. यह समाचार सुनकर हमें अपनी प्रतिक्रिया ही नहीं समझ आ रही थी, कि हम अब क्या कहें या सोचें?

हमारी जिंदगी का क्या अस्तित्व है? हम क्या है? कोई जानवर, जो दूसरो के द्वारा हांका जाता हो, जिसके साथ वो अपनी मर्जी से कुछ भी कर सकते है.
क्या यही सच है?

नहीं! ये सच नही हो सकता. हम इतने कमजोर नही हैं, कि किसी के हाथ की कठपुतली बने रहे. बचपन से आज तक हमने ऐसी कितनी खबरें सुनी होगी, जिन्हें सुनकर रूह भी कांप जाती है. मई यह सोचती हूँ कि जिसके साथ ये घटनाएं होती हैं, उनका क्या हुआ होगा? वो तो शायद जिंदगी से ही मुह मोड़ चुकी होगी.

आज भी ऐसे कई स्त्रिया है, जो उस डर के साए मे जी रही होगी. अगर आपके आस-पास कोई ऐसी घटना हो रही है, तो आप उनकी मदद कर सकते हैं, प्रत्यक्ष न सही तो अप्रत्यक्ष रूप से. आप किसी संस्था या नजदीकी पुलिस स्टेशन मे इसकी जानकारी दे सकते है, या और भी बहुत कुछ. आप को आगे आना होगा.
हम, आप और हम सब मिल कर ही तो इस दुष्चक्र को रोक सकते हैं.

आप का उठाया एक कदम किसी की जिंदगी बना सकता है, आपकी अंतरात्मा भी आप का साथ देगी, अगर आप किसी की जिंदगी को बचाने के लिए कोई कदम उठायेगे. कई बार हमारे सामने हुए किसी अपराध को न रोक पाने के कारण हम जीवनभर उसके लिए ख़ुद को गुनाहगार मानते रहते हैं.
उम्मीद है शायद आप कुछ विचार अवश्य करेंगे....
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Ashi

You Would Also Like To Read:


सुरेश चिपलुन्कर जी! आपके 'हिन्दू विरोधी मीडिया' के विचार पर मैं आगे कहना चाहूँगा, कि मीडिया हिन्दू विरोधी नहीं, बल्कि दलित विरोधी है.
प्रिंट मीडिया हो या इलेक्ट्रोनिक मीडिया, कितने दलित और पिछडों को आपने संपादक और रिपोर्टर के रूप में देखा? हर अख़बार और चैनल के शीर्ष पर बैठा व्यक्ति कौन है? क्यों जाति विशेष के लोग ज्ञानसत्ता पर अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं? अर्थसत्ता, राजसत्ता और ज्ञानसत्ता पर दावेदारी और दखल किनका है? अगर 'हिंदुत्व' का आशय 'ब्राह्मणत्व' से या 'राष्ट्रवाद' का आशय 'ब्राह्मणवाद' से है, तो मामला बहुत ही गंभीर है.

नाम का अंतर्जाल मैं नहीं बुनना चाहता, जैसा कि आपने, अपने लेख में लिस्ट जारी किया है, पर अगर मीडिया के शीर्ष पर बैठे बाबा और पंडित-पुत्र ही हैं, तो भी ये आपके हिंदुत्व की चिंता क्यों नहीं कर रहे हैं? आपकी यह चिंता वाजिब है. चिंतित ना हों आप, ये पत्रकार वही काम कर रहे हैं, जो आप चाहते हैं.

चिपलुन्कर जी, आप माने या ना मानें, पर यह सत्य है कि बाजारवाद और ब्राह्मणवाद एक-दूसरे के पूरक हैं. और इन दोनों का चरित्र भी एक ही है. दोनों ही विषमता के पाँव पर आगे बढ़ते और पलते हैं. कम से कम श्रम कर, अधिक से अधिक संसाधन का उपभोग ही तो 'ब्राह्मणवाद' है. बाज़ार भी कम से कम पूंजी लगाकर अधिक से अधिक मुनाफा लूटना चाहता है. दोनों पेरासाईट है, श्रमहीन और कर्महीन भी. बौद्धिक चातुर्य ही तो असली उपादान है इसका. जब तक नासमझी और बेवकूफी समाज में बरक़रार है, तब तक श्रमहीन संस्कृति कभी नही मरेगी.
मीडिया राष्ट्रविरोधी है. इसकी चिंता आप क्यों नहीं करते? क्यों मीडिया के हिन्दू-विरोधी चरित्र से परेशान हैं?
"राम-नाम जपना, पराया माल अपना" बनाने वाले हिन्दू से, हिंदुत्व नहीं बचेगा. जो हिंदुत्व जीता है और जो हिंदुत्व बोलता है, कौन सा हिन्दू पसंद है आपको?
पिछले ढाई हजार वर्षों की गुलामी के जिम्मेवार कौन हैं? जिस देश का मन खंड-खंड में बँटा हो, वह बँटा समाज कब तक प्रतिरोध करेगा? पराभूत होना स्वाभाविक ही था.
मीडिया के लिए हिन्दू कौन है? उनके लिए हिन्दू का मतलब ब्राह्मण, यादव, चमार, दुसाध, लोध, कुर्मी और कोयरी है.....हिन्दू कहाँ है? अपमानित होकर कोई क्यों हिन्दू बनना चाहेगा? और अपमानित करने के लिए हिन्दू बनाये ही क्यों रखना चाहते हैं.? 'न हिन्दू पतितो भव' यह विचार क्या केवल अवधारणाओं में ही रहेगा या इससे बाहर भी निकलेगा?
हिंदुत्व इस अन्तर्विरोध से बाहर नहीं निकलेगा, तो फिर इसके जिन्दा रहने के और क्या आधार हैं?
भाई सुरेश जी, किसी चैनल या अख़बार का हेड अगर दढियल मियां होता, तो इस कथित कटुआ पर आप शंका करते, पर ये सब तो आपके ही भाई-भतीजा हैं?
हाँ, मीडिया, दलित और मुसलमान विरोधी अवश्य है. मीडिया का प्रयास है, कि दलित को नक्सली घोषित करना और मुसलमान को आंतकवादी. मीडिया, कबीर और बुद्ध का भी विरोधी है. कभी आपने देखा, कि किसी निर्माता-निर्देशक ने कबीर पर धारावाहिक बनाया है? कबीर क्यों नहीं पचता मीडिया को? कबीर जैसे अड़ियल और बेबाक व्यक्ति के नाम पर पैसा कौन देगा? कबीरा तो बाज़ार में लुकाठी लिए खडा है. घर भरने वाला, घर-जारो के चक्कर में क्यों पड़े?
आप जिस हिन्दू की बात कर रहे हैं, मीडिया उस हिन्दू के बगैर एक कदम भी नहीं चल सकता. माल तो आखिर इसी से झडेगा. हिन्दू के पास दान है, दक्षिणा है, भोग है, प्रसादी है, चढ़ावा है. निर्गुणी और निरंकारी बनकर मीडिया को क्या मिलेगा? मीडिया को क्या बेवकूफ समझ लिया है, जो वह हिन्दू विरोधी बने?

चिपलुन्कर जी, यह बहस नहीं, विमर्श है; और विमर्श अभी ख़त्म नहीं हुआ है, यह अब शुरू हुआ है...
IF YOU LIKED THE POSTS, CLICK HERE


Top Blogs
-Vijayendra, Group Editor, Swaraj T.V.

You Would Also Like To Read:


चिट्ठी आई है...

व्‍यक्तिगत शिकायतों और सुझावों का स्वागत है
निर्माण संवाद के लेख E-mail द्वारा प्राप्‍त करें

Enter your email address:

Delivered by FeedBurner

सुधी पाठकों की टिप्पणियां



पाश ने कहा है कि -'इस दौर की सबसे बड़ी त्रासदी होगी, सपनों का मर जाना। यह पीढ़ी सपने देखना छोड़ रही है। एक याचक की छवि बनती दिखती है। स्‍वमेव-मृगेन्‍द्रता का भाव खत्‍म हो चुका है।'
****************************************** गूगल सर्च सुविधा उपलब्ध यहाँ उपलब्ध है: ****************************************** हिन्‍दी लिखना चाहते हैं, यहॉं आप हिन्‍दी में लिख सकते हैं..

*************************************** www.blogvani.com counter

Followers